करनाल मार्केट कमेटी की तत्कालीन सचिव आशा रानी सेवा से बर्खास्त

करनाल, अभी अभी। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने बड़ा एक्शन लेते हुए करनाल में खरीफ विपणन सीजन-2025 के दौरान धान खरीद में ई-खरीद पोर्टल पर गेटपास जारी करने में लापरवाही के मामले में करनाल मार्केट कमेटी की तत्कालीन सचिव आशा रानी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विभागीय जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद असंध के तत्कालीन सचिव कृष्ण धनखड़ और घरौंडा के तत्कालीन सचिव चंद्र प्रकाश को तीन साल के लिए डिमोशन किया गया है। बोर्ड की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि तीनों अधिकारियों ने ई-खरीद पोर्टल के जरिए जारी होने वाले गेटपासों की प्रभावी निगरानी नहीं की। एक से अधिक आईपी एड्रेस से गेटपास जारी होने दिए गए और मंडियों में वास्तविक आवक से अधिक धान के गेटपास जारी हुए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण नहीं रखा, जिससे सिस्टम का दुरुपयोग संभव हुआ। इसके अलावा जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य, खासकर सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध नहीं कराए गए। इसे भी गंभीर लापरवाही माना गया है।















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































