कर्मचारियों से वार्ता कर हड़ताल खत्म करवाए सरकार : मुकेश चौधरी
करनाल, अभी अभी। हरियाणा युवा कांग्रेस ने प्रदेश में चल रही फायर कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश वाइस चेयरमैन मुकेश चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार को कर्मचारियों की कद्र नहीं है। देश के प्रधानमंत्री 2047 तक विकसित भारत बनाने की बात करते हैं, लेकिन जिन कर्मचारियों की मेहनत से देश विकास पथ पर आगे बढ़ता है उनके हक सरकार छीन रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से दमकल कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उनकी समस्याओं का हल करना प्रदेश सरकार ने उचित नहीं समझा। उनकी अनदेखी कर अप्रशिक्षित युवाओं को उनके स्थान पर डयूटी पर लगा दिया गया। ऐसे में अगर आग लगने की कोई बड़ी घटना हो गई तो बहुत बड़ा नुकसान हो सकता है। इन युवाओं का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। सरकार फायर कर्मचारियों से बातचीत कर हड़ताल को जल्द समाप्त करवाए। मुकेश चौधरी ने आगे कहा, हरियाणा में लगभग 50 हजार सफाई कर्मचारी सात दिनों से हड़ताल पर चल रहे हैं। शहरों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। वातावरण में बदबू फैल रही है। जब बात स्वच्छ भारत मिशन की आती है तो इन कर्मचारियों को सफाई योद्धाओं का दर्जा दिया जाता है, लेकिन जब इनके हक और अधिकारियों की है तो सरकार उनकी बात भी सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस मांग करती है कि सरकार फायर कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों की यूनियनों से बातचीत करके जनहित में हड़ताल समाप्त करवाने का काम करे।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































