हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना : अयोध्या दर्शन के लिए 28 मार्च को रवाना होगी ट्रेन
करनाल, अभी अभी। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सत्यवान ने बताया कि हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत ट्रेन अब 26 की बजाय 28 मार्च को अंबाला से रवाना होगी। प्रदेश सरकार द्वारा पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाने के लिए हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है। योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, उन्हें नि:शुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना के तहत हरियाणा से अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी तथा शिरडी व शनि शिंगणापुर तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। डीआईपीआरओ ने बताया कि इस वर्ष हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 28 मार्च को अंबाला से ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या में श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। यात्रा को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा अंबाला रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार अंबाला से चलकर इस रेलगाड़ी का कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत व दिल्ली में भी ठहराव होगा जहां से निकटवर्ती जिलों के श्रद्धालुओं को ट्रेन में बैठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अयोध्या दर्शन की इस चार दिवसीय यात्रा के लिए ट्रेन जिला करनाल से दोपहर बाद चलेगी जिसके लिए श्रद्धालुओं को दोपहर 2 बजे तक रेलवे स्टेशन पर पहुंचना होगा। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा और उन्हें विभाग द्वारा पहचान पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अयोध्या दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालु अपने साथ पर्याप्त मात्रा में दवाई, कपड़े, कंबल इत्यादि साथ लेकर आएं। जिन बुजुर्गों के साथ सहयोगी जाएंगे उनका भी पोर्टल पर पंजीकरण कराना जरूरी है। साथ जाने वाले सहयोगियों को अपना खर्च स्वयं वहन करना होगा। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के पति-पत्नी में से किसी एक का रजिस्ट्रेशन होने पर दोनों एक साथ तीर्थ दर्शन के लिए यात्रा पर जा सकते हैं।
खाने-पीने व ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था
एक ट्रेन में 11 कोच होंगे। इनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सहयोगी स्टाफ सदस्यों के लिए रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, नजदीकी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थल तक पहुंचने के लिए बसों आदि का प्रबंध तथा ठहरने की व्यवस्था भी सरकार द्वारा मुफ्त की जाएगी।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































