हरियाणा मेें बाहरी युवाओं को रोजगार देने का मामला, कल करनाल में प्रेसवार्ता करेंगे युवा कांग्रेस नेता
करनाल, अभी अभी। हरियाणा युवा कांग्रेस के नेता 24 जनवरी को करनाल में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन पंचकूला के बाहर धरने पर बैठे अभ्यार्थियों के मामले में प्रेस वार्ता करेंगे। इस दौरान अभ्यार्थी भी साथ मौजूद रहेंगे। यह जानकारी यूथ कांग्रेस हरियाणा मीडिया विभाग के उप चेयरमैन मुकेश चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रेस वार्ता दोपहर 12 बजे से मंगलसेन सभागार में होगी। प्रमुख तौर पर प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलौत, सह-प्रभारी मीमांशा आर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमिल संधू व प्रदेश महासचिव आर्यन चौधरी पत्रकारों से बातचीत करेंगे। इस दौरान अभ्यार्थी भी अपने साथ हुए अन्याय को लेकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि एचपीएससी की हालिया भर्तियों में हरियाणा के योग्य युवाओं को नजरअंदाज कर बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को लाभ दिया गया। अच्छे पेपर देने के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत से कम अंक देकर बाहर किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के युवाओं को उच्च पदों पर नियमित भर्ती देना नहीं चाहती। उनका आरोप है कि कॉलेज, विश्वविद्यालय, तकनीकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य उच्च पदों को एचकेआरएन के माध्यम से भरने की कोशिश की जा रही है, जो युवाओं के साथ अन्याय है। मुकेश चौधरी ने कहा कि हरियाणा युवा कांग्रेस अभ्यार्थियों के साथ खड़ी है। उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































