राहुल गांधी ने खोली चुनाव आयोग की पोल : भूपिंद्र लाठर
करनाल, अभी अभी। करनाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र लाठर (भुप्पी) ने कहा कि देश की जनता को वोट चोरों से सावधान रहने की जरूरत है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की कारगुजारियों की पोल खोलकर देश की जनता को जगाने का काम किया है। चुनाव आयोग स्पष्ट जवाब देने से पीछे हट रहा है और राहुल गांधी से अनुचित तौर पर एफिडेविट देने की मांग कर रहा है। भुपिंद्र लाठर ने कहा कि अब भारत के मतदाता अपने वोट की सुरक्षा के लिए सजग हैं और अपनी स्वीकृति की रक्षा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को देश के कोने-कोने में हो रही वोट चोरी के खिलाफ विरोध में करीब 300 विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने निकले थे, लेकिन उन्हें हिरासत में ले लिया गया। नरेंद्र मोदी सरकार के इस कायर रवैये से स्पष्ट है कि वे जनता और विपक्ष की आवाज दबाना चाहते हैं। उनका हक छीनने की कोशिश कर रहे हैं। सत्ता की आड़ लेकर वे जनप्रतिनिधि और लोकतंत्र के स्तंभों पर हमला कर रहे हैं। भूपिंद्र लाठर ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती के साथ देश हित में काम करने के लिए तैयार है। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता किसी भी सूरत में न झुकेंगे और न ही डरेंगे। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर प्रकार के हमले का डटकर सामना करेंगे। भूपिंद्र लाठर ने कहा कि चुनाव आयोग इस भ्रम में न रहे कि वोट चोरी के खिलाफ उनकी नाकामी को सत्ता की छत्रछाया बचा सकती है। यह उनकी सबसे बड़ी गलती साबित होगी। भारत की जनता जाग चुकी है, और वह अपने वोट की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार है।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































