अमरनाथ में भंडारा लगाने के लिए करनाल से भेजे खाद्य सामग्री के दो ट्रक
करनाल, अभी अभी। ऊँ श्री शिव शक्ति वैष्णो युवा मंडल करनाल की ओर से अमरनाथ यात्रियों की सेवा के लिए बालटाल में हर वर्ष भंडारा लगाया जाता है। इस वर्ष अमरनाथ में 28वां भंडारा लगाने के लिए खाद्य सामग्री के दो ट्रकों को रवाना किया गया। कुंजपुरा रोड से विधायक जगमोहन आनंद ने ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले नारियल फोड़ कर पूजा अर्चना की। विधायक ने कहा कि भगवान शिव की महिमा अपरंपार है। कर्ण नगरी धार्मिक प्रवृति के लोगों की नगरी है। ऊँ श्री शिव शक्ति वैष्णो युवा मंडल हर वर्ष अमरनाथ में भंडारा लगाता है। यह सेवा कार्य सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। नर सेवा से ही नारायण खुश होते हैं। मंडल के प्रधान मुरलीधर शर्मा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से यह सेवा कार्य संभव हो पाता है। मंडल के सभी सदस्य बालटाल में लगने वाले भंडारे में सेवा करने के लिए जाते हैं। सभी सदस्यों की डयुटियां लगा दी गई हैं। अमरनाथ में पवित्र शिवलिंग के दर्शन करने जाने वाले लोगों के लिए भंडारे में सभी प्रकार का भोजन परोसा जाता है। श्रद्धालुओं के रहने की व्यवस्था भी की जाती है। शिव भक्तों को मेडिकल सुविधा देने का प्रयास भी ऊँ श्री शिव शक्ति वैष्णो युवा मंडल की ओर से किया जाता है। इस अवसर पर कर्ण सिंह संधू, संकल्प भंडारी, धन्ना बत्तरा, प्रधान पंडित मुरलीधर शर्मा, रामा मदान, संजीव गिरधर, बिट्टू बंसल, टिंकू संधू, सुभाष अरोड़ा, अमित आहूजा, जतिंद्र सलूजा, रामपाल, कमल मुंजाल, बंसी वधवा, राजिंद्र विज, छोटू कुमार, मनु अरोड़ा, भारत लूथरा, राकेश अरोड़ा, अनिल मेहता, नरेश मिड्ढा, रवि व मोनू आदि मौजूद रहे।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































