करनाल में 6 जुलाई को होगा ‘गोल्ड मिडकॉन 2025’ का आयोजन
करनाल, अभी अभी। सामाजिक संस्था जेसीआई इंडिया जोन-10 का अवार्ड समारोह ‘गोल्ड मिडकॉन 2025’ महाराजा अग्रसेन भवन सेक्टर आठ में छह जुलाई को आयोजित किया जाएगा। ज़ोन प्रेसिडेंट जेएफएम सीए राहुल सिंगला की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे शुरू होगा। जेसीआई करनाल गोल्ड की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जेसीआई की विभिन्न शाखाओं से एक हजार से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे। जेसीआई करनाल गोल्ड के बेहतरीन कार्यों को देखते हुए जोन प्रधान ने गोल्ड मिडकॉन 2025 कार्यक्रम की मेजबानी करने का अवसर दिया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेसीआई करनाल गोल्ड के प्रधान प्रमोद बंसल ने कहा कि यह कार्यक्रम एक भव्य, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सम्मेलन होगा, जिसमें हरियाणा एवं दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से जेसीआई सदस्य भाग लेंगे। यह आयोजन न केवल नेतृत्व और विकास के नए आयाम प्रस्तुत करेगा, बल्कि युवा नेतृत्व को सशक्त बनाने, नेटवर्किंग बढ़ाने और उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने का भी सशक्त मंच होगा। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि तरूण बंसल और बॉबी गोयल होंगे। मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध वक्ता एवं सामाजिक चिंतक संजीव तायल अपने विचार रखेंगे। यह मिडकॉन न केवल जेसीआई के उद्देश्यों को आगे बढ़ाएगा, बल्कि युवा उद्यमियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं को एक प्रेरणादायक मंच भी प्रदान करेगा। गोल्ड मिडकॉन 2025 संयोजक टीम में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर मुनीश बंसल, होस्ट प्रेसिडेंट प्रमोद बंसल, मनोज अग्रवाल, आईपीओ रवि नंदन गर्ग, सचिव अजीत बंसल, दुर्गेश गुप्ता, राहुल गर्ग शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान लीडरशिप व मोटिवेशनल सेशन होगा। बुद्धिमत्ता व नेतृत्व पर आधारित स्पीचेस दी जाएंगी। श्रेष्ठ कार्यों का सम्मान व पुरस्कार समारोह होगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जेसीआई भावना का उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर ज़ोन प्रेसिडेंट जेएफएम सीए राहुल सिंगला, आईपीजेपी जतिन सिंगला, जेडवीपी अंकित मित्तल, जेएडवीपी अमित गौर, मुकेश पाहवा, विनोद गुप्ता व हरीश अग्रवाल मौजूद रहे।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































