#Political

इनेलो के दबाव में पानी छोडऩे को मजबूर हुई पंजाब सरकार : मदन मोहन चौधरी

करनाल, अभी अभी। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने बुधवार को भाखड़ा-नांगल बांध से हरियाणा के लिए पानी जारी कर दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन चौधरी ने कहा कि यह हरियाणा के लोगों की जीत हुई है। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने पंजाब सरकार को चेताया था कि अगर हरियाणा के हिस्से का पानी नहीं छोड़ा गया तो पंजाब के रास्ते बंद कर दिए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो वहां के लोगों की एंट्री हरियाणा में नहीं होने देंगे। मदन मोहन चौधरी ने कहा कि पंजाब सरकार पर इनेलो ने दबाव बनाया, जिसके चलते हरियाणा की जनता को अपने हिस्से का पानी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणावासियों को मूलभूत सुविधाएं देने में नाकाम साबित हुई है। बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सरकार नहीं दे पा रही। गर्मी बढ़ते ही करनाल जैसे स्मार्ट सिटी शहरों में भी कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है। मदन मोहन चौधरी ने कहा कि हरियाणा की जनता के हितों की लड़ाई इनेलो ही लड़ सकती है। ताऊ देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के बाद अभय चौटाला प्रदेश की जनता की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को चंडीगढ़ में इनेलो कार्यकारिणी की मीटिंग में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। इनेलो कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की पोल खोलेंगे। इस अवसर पर शिव बजाज, राजन कालड़ा, रिंकू चौधरी, संदीप सिंगला, राकेश अरोड़ा, नीरज चौधरी व विपिन चौधरी मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *