मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर श्री कृष्ण गऊशाला में किया हवन यज्ञ
करनाल, अभी अभी। श्री कृष्ण गऊशाला में मार्गशीर्ष पूर्णिमा के पावन अवसर पर हवन यज्ञ किया गया। सभी श्रद्धालुओं ने हवन यज्ञ में आहूतियां डालकर मनोकामनाएं मांगी। गायों की सेवा करने का संकल्प लिया। यजमानों के रूप में सुनीता मलिक, प्रवीण कुमार मलिक, सुनील कुमार गुप्ता, राम कुमार गुप्ता, अरुण गुप्ता, गुरु दयाल अग्रवाल व अजय सैनी ने शिरकत की। श्री कृष्ण गऊशाला के प्रधान सुनील गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि सनातन धर्म में मार्गशीर्ष पूर्णिमा का दिन पितृ दोष से मुक्ति पाने के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से पितृ दोष समाप्त हो जाता है और घर में सुख-समृद्धि आती है। महासचिव राम कुमार गुप्ता ने कहा कि गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण गऊशाला में अब गायों का उपचार भी किया जाता है। दुर्घटनाओं में घायल व बीमारियों से पीडि़त गायों का इलाज विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम करती है। उन्होंने कहा कि पूर्णिमा और अमावस्या के अवसर पर गऊशाला के देवधाम में हवन यज्ञ किया जाता है। लोगों से आह्वान किया कि हवन यज्ञ करवाएं और प्रयास करें कि जब भी हवन यज्ञ हो उसमें आहूूति डालने पहुंचे।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































