भारत को बड़ा झटका, 2026 के युवा ओलंपिक से निशानेबाजी और हॉकी बाहर

नई दिल्ली: भारत की पदक संभावनाओं को बड़ा झटका देते हुए, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के कार्यकारी बोर्ड ने सेनेगल के डकार में होने वाले 2026 के युवा ओलंपिक के लिए पदक जीतने वाले खेलों की सूची से निशानेबाजी, भारोत्तोलन और हॉकी को हटा दिया है। निशानेबाजी, भारोत्तोलन और हॉकी को 10 गैर-पदक खेलों में शामिल किया गया है, जो YOG में “संलग्नता कार्यक्रम” का हिस्सा होंगे। अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में 2018 के युवा खेलों में, भारत ने 13 पदक (3 स्वर्ण, 9 रजत और 1 कांस्य) जीते थे, जिनमें से निशानेबाजी ने 4 पदक (2 स्वर्ण और 2 रजत) दिलाए थे, जबकि हॉकी के हिस्से में 2 रजत और भारोत्तोलन का योगदान एक स्वर्ण था।