कांगड़ा में 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर ट्रेकिंग पर प्रतिबंध

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धौलाधार रेंज में 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर ट्रेकिंग गतिविधियों पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बुधवार को यह घोषणा की। उपायुक्त ने बताया कि यह आदेश क्षेत्र की कठोर स्थलाकृति और सर्दियों में बर्फबारी से जुड़े जोखिमों को देखते हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जारी किया गया है। निर्देश के अनुसार, करेरी, त्रिउंड और आदि हिमानी चामुंडा जैसे कम ऊंचाई वाले मार्गों पर ट्रेकिंग के लिए पुलिस अधीक्षक कांगड़ा से पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है।