ध्वजारोपण पापों को हरने का काम करता है : चेतन देव
करनाल, अभी अभी। मंदिर माता रामप्यारी सदर बाजार के प्रांगण में वैद्य देवेंद्र बत्तरा जी के सानिध्य में कार्तिक कथा का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को मंदिर में ध्वजारोपण की रस्म अदा की गई। इससे पहले अल सुबह हवन यज्ञ करने के बाद श्रद्धालुओं ने नगर परिक्रमा की। भजनों से ईश्वर की महिमा का गुणगान किया। कार्तिक कथा सुनाते हुए स्वामी सत्यानंद जी गिरी, संत रिषी कुमार व कथा व्यास पंडित चेतन देव ने अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को निहाल किया।
इस मौके पर संत रिषी कुमार ने कहा कि भगवान प्रेम से ही मिल सकते हैं। जहां प्रेम नहीं है, श्रद्धा नहीं है वहां भगवान नहीं हैं। सृष्टि में सबसे सुंदर कोई है तो वह भगवान हैं, दूसरा कोई सुंदर नहीं है। भगवान के अदभुत चरित्र को सुनने के लिए अपने मन और वाणी को पवित्र करें। उन्होंने भजन गाया श्री मन नारायण नारायण नारायण…।
इस अवसर पर स्वामी सत्यानंद जी गिरी ने कहा कि जब आप आंखें बंद करके भगवान का सिमरण करना शुरू कर देते हैं तो भगवान की सारी शक्ति आपमें विराजमान हो जाती है। भगवान कहते हैं आपका सभी काम करेंगे। जब हम राम के धाम पर रहेंगे, राम हमारे काम पर रहेंगे। हम भगवान पर विश्वास नहीं करते। जीव को सुख और शांति चाहिए और भगवान का नाम चाहिए। भगवान का नाम लेंगे तभी कल्याण होगा।
इस मौके पर पंडित चेतन देव ने ध्वजारोपण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि ध्वजारोपण पापों को हरने का काम करता है। जितना जितना झंडा हिलता है उतने ही पाप दूर होते चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि गणपति जी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। हनुमंत लाल जी रक्षा करते हंै।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































