सौभाग्यशाली व्यक्ति को ही गुरुओं का आशीर्वाद मिलता है : पंडित चेतन देव

करनाल, अभी अभी। मंदिर माता रामप्यारी सदर बाजार के प्रांगण में वैद्य देवेंद्र बत्तरा जी के सानिध्य में कार्तिक कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा से पहले प्रतिदिन हवन यज्ञ किया जाता है, जिसमें आहूतियां डालकर श्रद्धालु विश्व शांति और परिवारों में सुख समृद्धि की कामना करते हैं। पंडित चेतन देव शर्मा कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को निहाल कर रहे हैं। मंगलवार को विशेष रूप से पहुंचे महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद जी गिरी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कार्तिक कथा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि ईश्वर का नाम जपने से सभी कष्ट दूर हो जातें हैं। मनुष्यों को संकटों से मुक्ति मिलती है। कथा व्यास पंडित चेतन देव ने कहा कि पावन कार्तिक मास में स्नान करने से मनुष्य को विशेष पुण्यफल मिलता है। उन्होंने कहा कि जिस पर गुरु की नजर पड़ जाए वह मालामाल हो जाता है। सौभाग्यशाली व्यक्ति को ही गुरुओं का आशीर्वाद मिलता है, इसलिए गुरुओं का सदैव सम्मान करें, उनके शरणागत रहें। निश्चित तौर पर मानव जीवन सफल हो जाएगा।