कांग्रेस सेवादल ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छिडक़ा गंगा जल, सफाई अभियान चलाया

करनाल, अभी अभी। कांग्रेस सेवादल ने धनतेरस के शुभ अवसर पर मंगलवार को शहर के मुख्य चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई करने का अभियान शुरू किया। सबसे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा पर गंगा जल छिडक़ कर यह कार्य शुरू किया गया। डा. भीम राव अंबेडकर, नेता जी सुभाष चंद बोस, महाराणा प्रताप, वल्लभभाई पटेल, राजीव गांधी की प्रतिमाओं सहित अन्य महान शख्सियतों की प्रतिमाओं को साफ किया गया। इस अवसर पर जिला प्रधान अनिल शर्मा व तरूण चौहान ने कहा कि हमें अपने वीर जवानों, महापुरुषों व स्वतंत्रता सैनानियों को कभी भूलना नहीं चाहिए। देश की आजादी और विकास में योगदान देने वाली महान शख्सियतों के बारे में अपने बच्चों को बताना चाहिए। प्रतिमाओं की सफाई करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सेवादल की ओर से हर महीने के आखिरी रविवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराने की परंपरा भी निभाई जा रही है। इस अवसर पर जिला कोर्डिनेटर जय नारायण, जिला प्रवक्ता दीपक चौधरी, जिला महासचिव गुरमीत सिंह, जिला सचिव मनोज बत्तरा, उदय प्रताप चौहान, उपप्रधान बलजीत चौहान, मोहित कुमार व ब्लाक प्रधान अशोक मौजूद रहे।