अनिल विज को परिवहन मंत्री बनाए जाने पर रोडवेज कर्मचारी खुश, बांटे लड्डू

करनाल, अभी अभी। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को नायब सरकार में परिवहन मंत्री बनाए जाने पर रोडवेज कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। करनाल के पुराने बस स्टैंड पर कर्मचारियों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाए। यात्रियों को भी लड्ड़ू खिलाकर खुशियां साझा की। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन (सम्बंधित सर्व कर्मचारी संघ) की मिटिंग डिपो प्रधान सुरेश कश्यप संगोही की अध्यक्षता में हुई। अनिल विज को परिवहन मंत्री बनाए जाने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट किया गया। सुरेश संगोही ने कहा कि अनिल विज ईमानदार, निडर और निष्पक्षता से कार्य करने वाले राजनेता हैं। उनके मार्गदर्शन में परिवहन विभाग और रोडवेज कर्मचारियों का भला होगा। रोडवेज विभाग विकास के पथ पर अग्रसर होगा। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि रोडवेज विभाग में काफी समस्या तो ऐसी है, जिनका हल करने के लिए केवल पत्र जारी किए जाने हैं। लंबित समस्याओं के चलते कर्मचारियों को अनावश्यक मानसिक पीड़ा एवं तनाव सहन करना पड़ रहा है। मीटिंग में कहा गया कि रोडवेज विभाग का निजीकरण नहीं किया जाना चाहिए। सरकार रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल करे। कर्मचारियों और जनता को सुविधाएं दी जाएं। यूनियन की पुरानी मांगों को पूरा किया जाए। इस अवसर पर उपप्रधान सुमेर चंद, सचिव राजेश कांबोज, कोषाध्यक्ष नरेश कांबोज व सह सचिव जितेन्द्र कांबोज आदि मौजूद रहे।