#International News

नेपाल में बाढ़, भूस्खलन से करीब 200 लोगों की जान गई

Nepal Floods and landslides: नेपाल में बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर लगभग 200 हो गई, जबकि कम से कम 30 लोग अब भी लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पिछले शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ आई और जगह जगह भूस्खलन हुआ, जिससे हिमालयी राष्ट्र में तबाही मच गई। नेपाल के पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश, बाढ़, भूस्खलन और पानी भर जाने की वजह से कम से कम 192 लोग मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि इस आपदा में देश भर में 94 अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जबकि 30 अन्य लापता हैं। ‘माई रिपब्लिका’ समाचार पोर्टल ने गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ऋषिराम तिवारी के हवाले से बताया कि सरकार ने खोज, बचाव और राहत कार्यों को उच्च प्राथमिकता दी है। खबर में कहा गया है कि देश भर में सुरक्षा एजेंसियों को खोज, बचाव और राहत प्रयासों के लिए तैनात किया गया है और अब तक 4,500 से अधिक आपदा प्रभावित व्यक्तियों को बचाया जा चुका है। घायलों का मुफ्त उपचार किया जा रहा है और बाढ़ से प्रभावित अन्य लोगों को भोजन और अन्य आपातकालीन राहत सामग्री प्रदान की गई है ‘काठमांडू पोस्ट’ अखबार की खबर के अनुसार, पूरे देश में कई सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं और राजधानी काठमांडू की ओर जाने वाले सभी मार्ग अब भी अवरुद्ध हैं, जिससे हजारों यात्री फंसे हुए हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि यातायात बहाल करने के लिए बाधित राजमार्गों को साफ करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *