#Political

कांग्रेस में शामिल हुए यशकरण राणा, बीते दिनों जेजेपी को कहा था अलविदा

करनाल, अभी अभी। बीते दिनों जननायक जनता पार्टी को बड़ा झटका देने वाले यशकरण राणा मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की अगुवाई में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी का पटका पहनाकर यशकरण राणा का स्वागत किया। यशकरण राणा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उदयभान को पुष्पगुच्छ भेेंट किए। उल्लेखनीय है कि जेजेपी में यशकरण राणा जिला प्रवक्ता का कार्यभार संभाले हुए थे। उनका कहना है कि राजनीति समाज सेवा के उद्देश्य के साथ की जानी चाहिए। जजपा में ऐसा नहीं हो रहा था। केवल एक विशेष परिवार के इर्द गिर्द ही राजनीति की जा रही थी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की नीतियों में विश्वास प्रकट करते हुए पार्टी में शामिल हुए हैं। कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है और हर वर्ग का भला करने वाला राजनीतिक दल है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 साल हरियाणा का मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश को विकास पथ पर अग्रसर किया। उनके शासन में बदमाश हरियाणा छोड़ कर भाग गए थे, लेकिन भाजपा-जजपा के शासन में बदमाश हरियाणा में वापस लौट आए। नतीजन हरियाणा में अपराध का ग्राफ बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस की सरकार हरियाणा में बनाई जाए। इस मौके पर रजत चौहान, तपन गोगिया, रोहित, जसकरण सिंह, अमित वाल्मीकि, रोहित ओंगद भी कांग्रेस में शामिल हुए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *