#Business

एक दिन में 52 लाख से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरित, सप्लाई पूरी तरह सामान्य : सरकार

एलपीजी सिलेंडर : केंद्र सरकार ने कहा है कि वैश्विक तनाव के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को एक ही दिन में 52 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। सरकार ने बताया कि एलपीजी सप्लाई पर वैश्विक हालात का असर होने के बावजूद देश में कहीं भी कमी नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग 98% तक पहुंच चुकी है, जबकि 94% डिलीवरी डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के जरिए हो रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। 5 किलो वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर की योजना को अच्छा प्रतिसाद मिला है। 1 अप्रैल 2026 से अब तक 17 लाख से ज्यादा छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। इसके लिए देशभर में 8200 से अधिक जागरूकता कैंप आयोजित किए गए।

सरकार ने बताया कि मार्च 2026 से अब तक 5.18 लाख नए पीएनजी कनेक्शन शुरू हुए हैं और 5.87 लाख उपभोक्ता रजिस्टर किए गए हैं। 41,000 से अधिक लोगों ने एलपीजी छोड़कर पीएनजी अपनाया है, जिससे वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा मिल रहा है। कमर्शियल एलपीजी सप्लाई में अस्पताल, शिक्षा, फार्मा, ऑटोमोबाइल और कृषि जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही प्रवासी मजदूरों के लिए छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है।

सरकार ने एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की है। अब तक 1.5 लाख से अधिक छापेमारी में 66,000 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए हैं। 1100 से अधिक एफआईआर दर्ज हुई हैं और 255 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने 298 डिस्ट्रीब्यूटर्स पर जुर्माना लगाया और 70 की सप्लाई सस्पेंड की है।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *