अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन के लिए एक हजार लोगों ने करवाया पंजीकरण : रमेश जिंदल
15 मार्च को अग्रसेन भवन सेक्टर आठ में आयोजित किया जाएगा सम्मेलन
करनाल, अभी अभी। अग्रवाल युवा संगठन के प्रधान रमेश जिंदल ने बताया कि विवाह में होने वाली फिजूल खर्ची को रोकने तथा अग्रवाल युवक-युवतियों को जीवन साथी चुनने के लिए श्रेष्ठ मंच प्रदान करने वाले अग्रवाल युवा संगठन ने इस बार 15 मार्च को अग्रसेन भवन सेक्टर आठ में वैवाहिक युवक-युवती परिचय सम्मेलन करने की तैयारी कर ली है। यह 26वां सम्मेलन होगा। देश के साथ विदेशों से भी युवक-युवतियां सम्मेलन में आएंगे। अतिथियों के रूप में कई राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में भाग लेने के लिए युवक-युवतियां पूरे उत्साह के साथ रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। कार्यालय में पंजीकरण करवाने के साथ-साथ वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी संगठन द्वारा दी गई है। अग्रसेन भवन में पत्रकारों से बातचीत में संगठन के प्रधान रमेश जिंदल और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2000 में पहला सम्मेलन आयोजित किया गया था। लोगों में विवाह शादियों में फिजूूल खर्ची नहीं करने को लेकर जागरूकता आई है, लेकिन अभी और अधिक कार्य किए जाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग एक हजार लोग सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें से 500 युवक युवतियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की 21 कन्याओं के विवाह में संगठन आर्थिक मदद कर चुका है। छह हजार से ज्यादा रिश्ते अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित किए जाने वाले अग्रवाल युवक युवती परिचय सम्मेलन के जरिए हो चुके हैं। इस अवसर पर भूषण गोयल, प्रदीप अग्रवाल, प्रवीण गर्ग, आशीष मंगल, धीरज जैन, सुरेंद्र जैन, सक्षम गर्ग, निशांत गुप्ता, गौतम जैन, उषा गर्ग, शिवानी, इंद्रावती, अनीता गुप्ता मौजूद रहे।




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































