किसानों को समय पर पेमेंट भुगतान का वादा पूरा करे सरकार : बहादुर मैहला
करनाल, अभी अभी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के किसानों के साथ किए वादों को पूरा नहीं कर रहे और पंजाब में जाकर किसान हितैषी होने का झूठा प्रचार कर रहे हैं। यह कहना है भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम का। यूनियन के प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। 48 से 72 घंटे के भीतर फसलों की पेमेंट का भुगतान का वादा किया गया था, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी गेहूं की पेमेंट का भुगतान किसानों को नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दूसरे प्रदेशों में जाकर अपनी कृषि नीति का झूठ गुणगान कर रहे हैं जबकि उनके प्रदेश का किसान बेहाल है। सीएम पंजाब में जाकर अपनी वाहवाही करते हैं। पंजाब में किसानों को फसल मंडी में पहुंचकर बिकते ही तुरंत पेमेंट मिल जाती है, जबकि हरियाणा की फसल पेमेंट भुगतान अनाज गोदाम में पहुंचने के कई दिन बाद मिलता है। बहादुर मैहला ने कहा कि मुख्यमंत्री आए दिन पंजाब में जाकर अपनी कृषि नीति का गुणगान करते हैं, जबकि आज हरियाणा के किसानों को गेहूं फसल का भुगतान न होने पर हरियाणा प्रदेश का किसान दर-दर की ठोकरें खा रहा है। उन्होंने आगे कहा, पेमेंट ना होने की मुख्य वजह मंडियों में बिका हुए गेहूं का उठान नहीं हो रहा। महीने भर से मंडिया गेहूं की बोरियों से अटी पड़ी है सरकार और प्रशासन की लापरवाही के चलते उठान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगली फसल की तैयारी सर पर है, लेकिन किसानों की जेब खली है। बहादुर मैहला ने कहा कि अनाज मंडियों में उठान के लिए जिन ट्रांसपोर्टरों को टेंडर दिया है ट्रांसपोर्टर के टेंडर की भी जांच होनी चाहिए कि ट्रांसपोर्टर ने कितनी गाडिय़ां लगाई हुई हैं। उठान के लिए अगर कोई कमी मिलती है तो ट्रांसपोर्टर के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































