आज से 4 दिन तक बारिश की संभावना, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
चंडीगढ़, अभी अभी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी विक्षोभों के एक नए दौर की भविष्यवाणी की है, जिसके कारण 18 से 22 जून के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में रुक-रुक कर वर्षा होगी। आईएमडी, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभों का यह दौर हल्की से मध्यम तीव्रता का होगा। इसका प्रभाव पंजाब की तुलना में हरियाणा में अधिक रहेगा। क्षेत्र में 18 जून से 22 जून तक रुक-रुक कर वर्षा होगी। उन्होंने आगे कहा, क्षेत्र में दिन का तापमान संभवत: स्थिर रहेगा। हालांकि, पंजाब में हरियाणा की तुलना में अधिक तापमान रहेगा। क्षेत्र में लू की स्थिति विकसित होने के कोई संकेत नहीं हैं। आईएमडी के एक बयान के अनुसार, 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डालने की संभावना है, जिससे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं से लेकर बिखरी हुई वर्षा हो सकती है। साथ ही, कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।
















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































