नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस से सस्पेंड, 500 करोड़ वाले बयान पर पार्टी ने लिया एक्शन
चंडीगढ़, अभी अभी। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने पार्टी की सदस्यता से उन्हें सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई से सियासी माहौल गरमा गया है। बता दें कि नवजोत कौर सिद्धू ने मुख्यमंत्री पद के लिए 500 करोड़ रुपए का सूटकेस देने का बयान दिया था। नवजोत कौर का यह बयान हाईकमान के पास पहुंचा था। जिसके बाद पंजाब कांग्रेस ने यह एक्शन लिया है। नवजोत कौर के बयान पर कांग्रेस के कई नेताओं ने पलटवार भी किया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने उन्हें अच्छे डॉक्टर से इलाज कराने की नसीहत दी है। नवजोत कौर ने शनिवार को कहा था कि कांग्रेस में 500 करोड़ रुपये की अटैची देने पर ही किसी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाता है। उनके इस बयान पर पार्टी के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने एक्शन लिया है। उन्होंने नवजोत कौर से आरोपों को भी सिरे से खारिज करते हुए कहा कि न किसी ने 500 करोड़ रुपये दिए और न ही ऐसी कोई बात है।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































