#Social

आतंकवाद शमन के लिए पुष्कर में किया जाएगा गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ : प्रखर महाराज

करनाल, अभी अभी। जिला करनाल ब्राह्मण धर्मशाला में अगले वर्ष पुष्कर राजस्थान में आतंकवाद के शमन हेतु होने वाले गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ को लेकर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में यज्ञ सम्राट स्वामी श्री प्रखर जी महाराज आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे। यह महायज्ञ स्वामी प्रखर जी महाराज के सानिध्य में ही किया जाएगा। मीटिंग के संयोजक कृष्ण शर्मा बसताड़ा व अन्य प्रतिनिधियों ने प्रखर जी महाराज को पगड़ी भेंट की व भगवान परशुराम जी का चित्र भी भेंट स्वरूप दिया गया।
इस अवसर पर प्रखर जी महाराज ने कहा कि त्रेता युग में जब राक्षस हावी हो गए विश्वामित्र ने गायत्री महायज्ञ किया था। इससे ब्रह्म शक्ति की जागृति हुई और राक्षसों का अंत हो गया था। कलियुग में आतंकवाद पांव पसारता जा रहा है। आतंकवाद को खत्म करने के लिए गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ 2026 में आठ मार्च से 19 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण श्रेष्ठतम जाति का नाम है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण शस्त्र और शास्त्र दोनों का ज्ञान रखता है और यही ज्ञान दुनियाभर में लोगों को बांटता है। ब्राह्मण ने विश्व को जीने की कला सिखाई है। संस्कृति, मेडिकल साइंस और इकोनोमी का ज्ञान भी ब्राह्मण ने ही दिया है। प्रखर जी महाराज ने कहा कि गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में एक करोड़ से ज्यादा लोग शामिल होंगे। देशभर में कार्यक्रमों और सभाओं का आयोजन कर महायज्ञ के प्रति जागृत किया जा रहा है।
सभा के संयोजक कृष्ण शर्मा बसताड़ा ने बताया कि मीटिंग में ब्राह्मण संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने अपने विचार और सुझाव रखे हैं। महायज्ञ को लेकर जल्द ही एक कमेटी का गठन किया जाएगा। करनाल से भारी संख्या में ब्राह्मण महायज्ञ में शामिल होंगे। उन्होंने प्रतिनिधियों को प्रखर जी महाराज के जीवन से अवगत करवाया। इस अवसर पर कुलदीप शर्मा, राजकुमार शर्मा, मांगेराम, लाजपत, शामलाल, सुरेंद्र शर्मा, प्रदीप शर्मा, नरेश शर्मा, सूरज शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, ईश्वर शर्मा, सतपाल, लक्ष्मण व आनंद प्रकाश ने विशेष रूप से अपने विचार रखे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *