भाजपा और कांग्रेस से जनता दुखी : अजय चौटाला
करनाल, 11 जुलाई (अभी अभी)। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने करनाल में जेजेपी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन मजबूती पर फोकस किया और विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अजय चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि परिस्थितियों की चिंता किए बगैर निरंतर संघर्ष जारी रखने वाले ही जीत हासिल करते है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के पास 100 दिन का समय है और मेहनत से हम अपने मुकाम को प्राप्त कर सकते है। डॉ चौटाला ने बताया कि इमरजेंसी के दौरान देश में 35 दिन के अंदर सत्ता बदल दी गई थी, उस समय चौ देवीलाल ने सभी राजनीतिक दलों को संगठित करके यह काम कर दिखाया था। उन्होंने कहा कि आज जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों की नीतियों से दुखी है इसलिए प्रदेश में बदलाव जरूरी है और प्रदेश में बदलाव का संकल्प लेकर जेजेपी कार्यकर्ता फील्ड में उतरे। अजय चौटाला ने यह भी कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव चलता रहता है लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी बदलाव लाने की क्षमता जेजेपी के मजबूत कार्यकर्ताओं की फौज के पास है। जजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने सरकार की हिस्सेदारी के दौरान हर वर्ग के लिए काम किए थे, लेकिन इन विकास कार्यों को हम जनता के सामने पेश करने में सफल नहीं हुए और उसका फायदा विरोधियों ने दुष्प्रचार करके उठाया।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































