#Political #Protest

कुरुक्षेत्र में यूथ कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन, सीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे बेरीकेडिंग तोड़ी

पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर आगे बढऩे से रोका
कुरुक्षेत्र, अभी अभी। हरियाणा युवा कांग्रेस ने वोट चोर गद्दी छोड़ मुद्दे पर कुरुक्षेत्र में जबरदस्त रोष प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू प्रदर्शन के संयोजक रहे। राज्य के सभी जिलों से हजारों की संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। श्री भागेश्वर महादेव मंदिर सेक्टर-2 के नजदीक सभा करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की अगुवाई में कार्यकर्ता हाथों में स्लोगन और यूथ कांग्रेस के झंडे लिए सीएम आवास का घेराव करने के लिए निकल पड़े। भाजपा पर हरियाणा में वोट चोरी कर सत्ता हथियाने के आरोप लगाए गए। सीएम आवास से कुछ दूरी पर ही पुलिस ने बेरीकेंडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इससे कार्यकर्ताओं में गुस्सा और बढ़ गया। युवाओं ने अपनी ताकत दिखाते हुए बेरीकेेड तोड़ दिए और आगे बढऩे का प्रयास किया। यहां पुलिस की ओर से वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए कार्यकर्ताओं को आगे नहीं जाने दिया गया। लाठीचार्ज भी किया गया। सोमिल संधू ने युवा कांग्रेसियों की ओर से राष्ट्रीय प्रधान उदय भानु चिब को तलवार भेंट की।
भाजपा ने वोट चोरी कर बनाई सरकार : उदय भानु चिब
सभा में मौजूद युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ साबित कर दिया है कि हरियाणा में किस प्रकार वोट चोरी की गई। हरियाणा में सैनी सरकार ने युवाओं को बेरोजगार कर दिया है। सीएम नायब सिंह सैनी के जिले कुरुक्षेत्र में युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। युवाओं को बर्बाद करने का काम सरकार कर रही है। बेरोजगारी के चलते हरियाणा से युवा दूसरे देशों में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का प्रण युवा कांग्रेस ने लिया है। संविधान खत्म करने का प्रयास कर रही भाजपा के खिलाफ लड़ाई लडऩी है। भाजपा की सोच है कि वोट चोरी करके ही सरकार बना लेंगे, लेकिन राहुल गांधी ने इनकी चोरी पकड़ ली है। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम करके ये चोरी रोकने का काम करेंगे। भाजपा के गुंडा राज में हमें संघर्ष करना है, किसी के दबाव में युवा कांग्रेसी नहीं झुकेंगे। लोगों के बीच जाकर वोट चोरी की पोल खोलनी है। राष्ट्रीय प्रधान ने आरोप लगाया कि हरियाणा में बदमाशों और सरकार की पाटर्नरशिप चल रही है। यही वजह है कि मर्डर, फिरौती और महिलाओं पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने वोट चोरी की व्यवस्था पहले ही कर ली थी : सोमिल संधू
प्रदर्शन के संयोजक एवं यूथ कांग्रेस के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के समय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में कहा था कि सारे व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और हम सरकार बनाने जा रहे हैं। यहां सीएम ने संकेत दे दिए थे कि वो वोट चोरी का षडयंत्र रच सरकार बना लेंगे। आज हम प्रदर्शन के दौरान सीएम आवास से जो व्यवस्था सीएम सैनी ने की थी उसी के सुबूत लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने वाटर कैनन और लाठी का इस्तेमाल कर रोक लिया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरती पर सभी युवा कांग्रेस यह प्रण लेते हैं कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हरियाणा का युवा देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए काम करेगा।
इन नेताओं ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को यूथ कांग्रेस के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सोमिल संधू, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सत्यवाल गहलोत, सह प्रभारी मीमांशा आर्या, सह प्रभारी प्रियंका, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव परमजीत पम्मी, विशाल चौधरी, महबूब चौधरी, अजय जोगी, आर्यन चौधरी, मुकेश चौधरी, सुमित मढाण, जितेंद्र नरवाल, नवनीत रंधावा, सूखा मालिक, जसवीर जागलान, मनीष मालिक, कुलदीप सिंह, गगन संधू, अभिषेक यादव, रूबल संधू,मनदीप सुई, सिकंदर संधू, आशु नम्बरदार, दिनेश पोसवाल, रजत लाठर, जसबीर पानु व गुलाब चौहान सहित युवा एवं वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *