#Health

60 की उम्र में लोगों का सिकुड़ रहा है हृदय वाल्व : रजनीश कपूर

करनाल, अभी अभी। भारत में औसतन साठ साल की आयु तक पहुंचते-पहुंचते पांच से दस प्रतिशत लोगों में हृदय का वाल्व सिकुडऩे की समस्या सामने आ रही है। भारत में वाल्व सिकुडऩे की समस्या 70 की उम्र में 10 से 15 प्रतिशत तथा 75 की उम्र में 20 से 25 प्रतिशत लोगों में देखी जा रही है। यह कोई बीमारी नहीं बल्कि उम्र के कारण होने वाली समस्या है। इसके उपचार के लिए अब चीर-फाड़ करके वाल्व बदलने की बजाए ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व रिप्लेसमेंट (टीएवीआर) और माइट्रल वाल्व क्लिपिंग जैसी नई वाल्व रिप्लेसमेंट प्रक्रिया बेहद कारगर सिद्ध हो रही है। एक बार टीएवीआर तकनीक से वाल्व बदलने के बाद रोगी दस से 12 साल सामान्य जीवन व्यतीत कर सकता है। यह जानकारी मेदांता अस्पताल गुरुग्राम के में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ.रजनीश कपूर ने शनिवार को करनाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी। कपूर ने बताया कि हृदयघात के बाद हृदय वाल्व रोग हृदय रोग से होने वाली मृत्यु का तीसरा सबसे बड़ा कारण है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार सीवीडी दुनिया भर में मृत्यु का प्रमुख कारण है, जो सालाना 17.9 मिलियन लोगों की जान लेता है। बढ़ती उम्र के परिणामस्वरूप वाल्वुलर हृदय रोग (वीएचडी) का प्रचलन दुनिया भर में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम हर महीने 15 से 20 ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व रिप्लेसमेंट कर रहे हैं,जो भारत में सबसे अधिक है। इनमें तीन से चार रोगी हरियाणा तो चार से पांच रोगी पंजाब से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों से स्पष्ट है कि जहां उपचार में नॉन-सर्जिकल इंटरवेंशंस शुरू होने और बेहतर रोग जांच के बाद हृदय वाल्व रोग से आयु-समायोजित मृत्यु दर 21 प्रतिशत (8.4 से 6.6) कम हो गई।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *