महिला विधायक का अखिलेश को पत्र : मेरी हत्या हुई तो आप होंगे जिम्मेवार
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल इस समय खासी चर्चा में हैं। पहले यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। इसके बाद अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी से उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष को पत्र लिखा है, इसमें पति की तर्ज पर खुद की हत्या कराने की साजिश का आरोप लगा दिया है। पूजा पाल ने लेटर बम में खुद के साथ किसी प्रकार की वारदात होने पर अखिलेश यादव और उनकी पार्टी यानी सपा के वास्तविक दोषी होने की बात कह दी है। चायल विधायक अपने पति इलाहाबाद पश्चिम से बसपा विधायक राजू पाल की तर्ज पर हत्या की साजिश रचे जाने का दावा किया है। राजू पाल की हत्या 25 जनवरी 2005 को कर दी गई थी। इससे 10 दिन पहले 16 जनवरी 2005 को क्षेत्र के नए-नवेले विधायक की शादी पूजा पाल से हुई थी। राजू पाल की हत्या में माफिया अतीक अहमद गैंग का नाम सामने आया। उस समय प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































