हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनते ही करेंगे पंजाबी वेलफेयर बोर्ड का गठन : पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा

करनाल, अभी अभी। रविवार को राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की ओर से करनाल के अनमोल गार्डन में आयोजित पंजाबी महासम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शिरकत की। विशेष अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और प्रसिद्ध अभिनेता राज बब्बर पहुंचे। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सुभाष बत्तरा ने की। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता, राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा और करनाल जिला प्रधान पराग गाबा की अगुवाई में महासम्मेलन की तैयारियां पिछले दो महीने से चल रही थीं।
महासम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनते ही विस्थापित पंजाबी समाज के लिए पंजाबी वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने अपनी मेहनत के बल पर तरक्की की है, जिसके लिए वह पूरे समाज को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पंजाबियों को मान सम्मान बढ़ाने का काम किया। वह प्रदेश के 10 साल मुख्यमंत्री रहे और इस कार्यकाल में पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों को राज्य सभा, लोकसभा और बोर्ड तथा निगमों व अन्य इकाइयों में प्रतिनिधित्व देने के काम किए। आने वाले समय में भी इस समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि शहीद मदनलाल ढींगड़ा ने लंदन में जाकर ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिलाने का काम किया। वह देश को आजाद करवाने के लिए 26 वर्ष की आयु में 17 अगस्त 1909 को शहीद हो गए। हम उन्हें शत शत नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने स्वाभिमान के साथ मेहनत करते हुए स्वयं को संवारने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में हरियाणा से अपराधी डर कर भाग गए थे। भाजपा के शासन में फिर से प्रदेश में अपराध और अपराधियों की संख्या बढ़ गई है।
प्रसिद्ध अभिनेता राज बब्बर ने कहा कि पंजाबी महासम्मेलन मेें आना मेरे लिए खुशी का अवसर है। पंजाबी दुनिया में अपनी शान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हुड्डा परिवार ने हरियाणा में पंजाबियों का सम्मान बढ़ाने का काम किया है। अब हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पंजाबी समाज भूपेंद्र सिंह हुड्डा का साथ देते हुए प्रदेश में हुड्डा सरकार बनाने का काम करे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुभाष बत्तरा ने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार के दौरान पिछली तमाम सरकारों के मुकाबले पंजाबी समाज को सबसे ज्यादा हिस्सादारी दी गई थी। समाज के नेताओं को विधायक, सांसद और मंत्री बनाने का काम किया गया।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासम्मेलन के संयोजक अशोक मेहता, राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा और जिला प्रधान पराग गाबा ने महासम्मेलन की सफलता पर सभी लोगों का आभार जताया। अशोक मेहता ने कहा कि कांगे्रेस के समक्ष पंजाबी समाज की कई मांगों को रखा गया है और उम्मीद है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा इन मांगों को पूरा करने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के समक्ष मांगें उठाई गई हैं कि पंजाबी भाषा को 10वीं कक्षा तक आवश्यक किया जाए। राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाई जाए। शहीदी स्मारक का निर्माण किया जाए। रिफ्यूजी शब्द का प्रयोग करने वाले व्यक्ति या संगठन कानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि हुड्डा के समक्ष पंजाबी वेलफेयर बोर्ड का गठन करने की मांग भी रखी गई, जिसे पूर्व सीएम ने सरकार बनते ही पूरा करने का वादा किया।
इस अवसर पर अशोक अरोड़ा, महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता, जिला प्रधान पराग गाबा, राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा, करनाल कांगे्रस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह, बी.बी. बत्तरा, भीम मेहता, मनोज वधवा, हरीश आर्य, गुरविंद्र कौर, कुलदीप शर्मा, विधायक रामकरण काला, पूर्व विधायक सुमिता सिंह, रोहिता रेवड़ी, दिव्यांशु बुद्धिराजा, जसबीर मलौर, सुल्तान सिंह जड़ौला, अशोक खुराना, केसी भाटिया, सुधीर मेहता, अशोक खुराना, गगन मेहता, शेर प्रताप शेरी, राजेंद्र बांबा, गुरविंद्र कौर, मीनू दुआ, आशिमा चावला, डा. गीता रानी, नीरजा बाहरी, नरेंद्र सांगवान, रघबीर संधु, मनिंद्र शंटी, कृष्ण शर्मा बसताड़ा, पप्पू लाठर, मीडिया प्रभारी राजन अरोड़ा, व गगन मेहता आदि मौजूद रहे।