करनाल में डकैती के आरोपियों से हथियार बरामद, सामान की रिकवरी बाकी
वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। करनाल की सुभाष कालोनी में एक शादी वाले घर में डकैती करने और दूल्हे के गोली मारने के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपियों से वारदात में प्रयोग हथियार बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन सामान की रिकवरी अभी नहीं हुई है। करनाल पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने यह जानकारी दी। मीडियाकर्मियों से बातचीत में पुलिस कप्तान ने मामले की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे सुभाष कालोनी स्थित एक घर में लूटपाट और एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शिकायकर्ता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादसां धारा 109, 310, 333 व 1959 की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात के दिन ही पुलिस ने तीन से चार घंटे के भीतर पांच आरोपियों को जीरकपुर के नजदीक काबू कर लिया। इसमें सीआईए टीमस की भूमिका विशेष रही। अंबाला और पंचकूला पुलिस का सहयोग रहा। एसपी ने कहा कि पांचों आरोपियों को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। अभी तक आरोपियों से चार हथियार व 10 कारतूस बरामद हुए हैं। लूटे गए सामान की रिकवरी जल्द की जाएगी। पुलिस कप्तान ने बताया कि पांच आरोपियों में से एक आरोपी राजीव उर्फ राजा के खिलाफ 56 अभियोग दर्ज हैं। कई मामलों में उसे सजा हो चुकी है। बाकी आरोपियों के रिकार्ड पुलिस खंगाल रही है। पांचों आरोपी लुधियाना पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया ने कहा कि करनाल के लोगों का पुलिस पर पूरा भरोसा है। आगे भी यह भरोसा कायम रहेगा।
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































