कांग्रेस को वोट देने का मतलब हरियाणा की स्थिरता और विकास को दांव पर लगाना है: पीएम मोदी

सोनीपत (हरियाणा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अगर पार्टी गलती से भी सत्ता में आ गई तो वह राज्य को बर्बाद कर देगी। उन्होंने 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए गोहाना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब हरियाणा की स्थिरता और विकास को दांव पर लगाना है। मोदी ने जोर देकर कहा कि जैसे-जैसे हरियाणा में मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, भाजपा के लिए समर्थन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तहत हरियाणा ने उद्योग और कृषि क्षेत्रों में शीर्ष राज्यों में जगह बनाई है। उन्होंने कहा, “आज दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियां भारत में कारखाने लगाने में रुचि रखती हैं। जब औद्योगीकरण बढ़ता है, तो इसका सबसे बड़ा लाभ गरीबों, किसानों और दलितों को मिलता है।” मोदी ने कहा कि बी आर अंबेडकर का मानना था कि दलितों के सशक्तीकरण में उद्योग बड़ी भूमिका निभाते हैं।