दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया स्वच्छता सेतु एप का उद्घाटन, मेयर रेणु बाला गुप्ता ने जताया आभार
करनाल, अभी अभी। भारत मंडपम में आयोजित म्यूनिसिपालिका 2026 : 18वीं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शहरी विकास और सुरक्षित, स्मार्ट तथा सतत समाधान पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में नीति निर्माता, शहरी प्रशासक, उद्योग जगत के नेता और नवाचारक एक साथ उपस्थित हुए। मनोहर लाल ने स्वच्छता सेतु ऐप का उद्घाटन किया, जोकि म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन करनाल द्वारा विकसित किया गया है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र की स्वच्छता संबंधी शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन तक भेज सकते हैं। केंद्रीय मंत्री ने इसे पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष एवं करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता ने सम्मेलन मेें पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया। करनाल नगर निगम के लिए स्वच्छता सेतु ऐप का उदघाटन करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। इससे पहले उपस्थित समूह को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि भारत अपने शहरी विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऐसे प्रमुख मंच शहरों के प्रशासन और योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। म्यूनिसिपालिका जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियाँ सर्वोत्तम प्रथाओं और उपयोगी समाधानों को साझा करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि शहरों के प्रबंधन और स्मार्ट समाधान लागू करने में नवाचार और सहयोग की भूमिका अहम है। नीति निर्माता, प्रशासक और उद्योग जगत मिलकर शहरों को सुरक्षित, स्मार्ट और सतत बनाने के लिए काम कर सकते हैं। म्यूनिसिपालिका 2026 ने विचार साझा करने का अवसर ही नहीं दिया, बल्कि नई तकनीक और डिजिटल समाधानों के माध्यम से शहरों की गुणवत्ता और नागरिक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन में वी. सुरेश (अध्यक्ष, गुड गवर्नेंस इंडिया फाउंडेशन, पूर्व सीडीएम एचयूडीसीओ), डी. थारा (आईएएस अतिरिक्त सचिव आवास एवं शहरी मामलों का मंत्रालय), नाक्लौडिया रॉसबैक (संयुक्त राष्ट्र की अवर महासचिव, संयुक्त राष्ट्र-आवास की कार्यकारी निदेशक, नैरोबी) व अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष एवं करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर कर रहे है काम
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर देशभर में कार्य किए जा रहे हैं। सम्मेलन मेें इस विषय पर मंथन किया जाएगा कि हम कैसे अपनी सिटी को स्मार्ट और सुरक्षित बना सकते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शहरों के विकास के लिए कई घोषणाएं बजट में की गई हैं। आने वाले 25 वर्षों में सभी सेक्टर पर खर्च किया जाएगा। सबसे ज्यादा ध्यान अर्बन सेक्टर पर दिया जाएगा। पहले कभी ऐसी योजनाएं नहीं बनाई गई हैं।
देश में तेजी से बढ़ रहा शहरीकरण
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि देश में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है। देश में पांच हजार से ज्यादा शहर हैं, जोकि दुनिया में किसी भी देश से ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि 65 शहर ऐसे हैं जो 10 लाख से उपर की आबादी के हैं। 300 शहर ऐसे हैं जिनकी आबादी 1 लाख से उपर है। सेफ स्मार्ट और ससटेंनेबल सिटीज पर सरकार काम कर रही है। स्वच्छता, आवास और होमलेस को घर देने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है। किराए के मकान की स्कीम को प्रमोट कर रहे हैं। डिजीटल गर्वनेंस, पानी, वेस्ट मैनेजमेंट जैसी योजनाओं पर व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है।
एआई से हर समस्या का समाधान करने का प्रयास
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में हुई एआई समिट सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इसमें शहर की योजनाओं पर चर्चा की गई। इसमें कोई दोराय नहीं है कि एआई सार्थक होगा। एआई से हर समस्या का समाधान करने का प्रयास भविष्य में किया जाएगा।
2047 तक विकसित भारत बनाना है
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी को ध्यान में रखते हुए योजनाओं पर काम किया जा रहा है। बजट में प्रावधान किए गए हैं।
शहरों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित
मनोहर लाल ने कहा कि शहरों की सुरक्षा पर ध्यान दिया जा रहा है। बिना स्मार्टनेस के सुरक्षा नहीं बढ़ सकती। लोगों को खतरा रहित जीवन देने के विजन काम सरकार कर रही है। आईसीसीसी को पूरे देश में लागू किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से 100 शहरों में 84 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी और शहर के हर मुख्य चौराहे, बाजार व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
स्वच्छता सेतु एप का उदघाटन करने पर मेयर ने जताया केंद्रीय मंत्री का आभार
अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष एवं करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता ने सम्मेलन मेें पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया। करनाल नगर निगम के लिए स्वच्छता सेतु ऐप का उदघाटन करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि विकास पुरुष केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में देश के शहरों में विकास की गति बढ़ी है। उनकी सोच है कि देश का एक समान विकास हो और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने सम्मेलन में पहुंचे सभी मेयरों, नगर निगम कमिश्नरों, नीति निर्माकों व अतिथिगणों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय सम्मेलन में हम यही चर्चा करेंगे कि किस तरह से हमारे शहर और ज्यादा विकसित हो सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विजन लेकर चल रहे हैं। शहरों के विकास के लिए स्मार्ट सिटीज का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के शहर लगातार चमक रहे हैं। स्वच्छता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश के शहरों को निखारने और संवारने का काम तेजी से चल रहा है। देश के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। देश को विकसित भारत बनाने के लिए जनसहभागिता जरूरी है।














































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































