महाछठ पर्व मनाने करनाल में उमड़े हजारों लोग, उदयाचल सूर्य को दिया अर्घ्य

करनाल, अभी अभी। पति और पुत्र की सलामती तथा दीर्घायु की कामना के साथ महिलाओं ने शुक्रवार सुबह उदय होते सूर्य को अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारायण किया। पश्चिमी यमुना नहर पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पूजन सामग्री लेकर यहां जमा हो गए। महिलाओं ने नदी के अंदर घुटनों-घुटनों तक पानी में खड़े होकर उदयाचल सूर्य को अर्घ्य देकर भगवान सूर्यदेव की अराधना की। महिलाओं ने नदी में कई गन्नों को एक में जोड़ कर छत्र बनाया और दीपदान किया। सूर्य देव को मौसमी फलों, फूलों, नारियल तथा पकवानों का भोग लगाया। महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी सूर्य देव को अर्घ्य दिया। कई परिवारों ने पूरी रात ही यहां बिताई और भजन कीर्तन करने के बाद सुबह सूर्य देव की अराधना की और व्रत का पारायण करने के बाद अपने घरों को वापस गए। पूजा समापन के बाद उपवासी महिलाओं ने अपने रिश्तेदारों और मिलने जुलने वाले लोगों में प्रसाद का वितरण किया। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देने और पूजा में हिस्सा लेने के लिए शहर के तमाम लोग भी यहां मौजूद रहे। पश्चिमी यमुना नहर किनारे मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। छठ पर्व सेवा समिति मंडल के प्रधान सुरेश कुमार यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन सहित व्यवस्था कायम रखने में योगदान देने वाले सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। मंडल की ओर से सूर्य मंदिर और पश्चिमी यमुना नहर के चारों ओर श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर अर्जुन पंडित, उमेश चौहान, राम दयाल यादव, शत्रोघन राय, राम सागर राय, भोला राय, सिकंद्र मेहतो, नागेंद्र मेहतो, रोहित कुमार, सुधीर यादव, राम बिलास यादव, दिलीप कुमार, भूषण यादव, अरविंद यादव, संजीव मेहतो, दिवाकर, कृष्ण कुमार, दीपक कुमार, वशिष्ठ पंडित, राजन पंडित, राम सकल, चंदन कुमार, मोहन मेहतो, बोध नारायण मेहतो, नंद किशोर गुप्ता, अशोक कुमार, राम नारायण, राम कुमार, कारी पासवान, संजय, राजेश्वर, घणयश्याम, रवि कुमार, राम सोगारथी, अनिल कुमार व जगदीश आदि मौजूद रहे।