दुख की घड़ी में पूरा देश विनय नरवाल के परिवार के साथ खड़ा है : कुमारी शैलजा

करनाल, अभी अभी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सिरसा सांसद कुमारी शैलजा रविवार को करनाल पहुंची। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले मेंं मारे गए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के निवास पर पहुंचकर परिवार के लोगों को सांत्वना दी। इसके बाद कांग्रेस नेता विरेन्द्र सिंह राठौर के पिता वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेन्द्र सिंह राठौर के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंची। कुमारी शैलजा ने कहा कि विनय नरवाल के रूप में करनाल ही नहीं बल्कि हरियाणा और पूरे देश ने एक होनहार बेटा खो दिया है। उनको पूरा देश हमेशा याद रखेगा। ईश्वर से कामना करते हैं कि परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में विनय के परिवार के साथ खड़ी हैं। कुमारी शैलजा ने पहलगाम में निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकियों को राक्षस की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि विनय नरवाल का परिवार बहादुर और संस्कारी है। विनय के निधन से पूरे देश को क्षति पहुंची है। एक सवाल के जवाब में कुमारी शैलजा ने कहा कि वह फिलहाल कोई राजनीतिक बात नहीं करना चाहती है। पहलगाम में जो हुआ उसे पूरी दुनिया ने देखा है। कैसे, क्यों और क्या हुआ है इस पर बाद में बातचीत करेंगी। उन्होंने कहा कि हम सभी को अभी ठंडे दिमाग से सोचना चाहिए। हमारा देश बहुत बड़ा है। गंगा यमुना सरस्वती की संस्कृति है। हर तरह के धर्म जाति के लोग देश में रहते हैं। हर तरह का कल्चर हमारे देश में है। प्रेम व सदभाव कायम रहना चाहिए। राष्ट्र को अंदर या बाहर से किसी भी प्रकार से कोई आंच नहीं आनी चाहिए। कुमारी शैलजा ने भूपेंद्र सिंह राठौर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह वरिष्ठ अधिवक्ता थे। उन्होंने समाज को सदभावना की राह दिखाई। इस दौरान पूर्व विधायक शमशेर गोगी, भूपिंद्र लाठर (भुप्पी), जोगिंद्र वाल्मीकि, अरूण पंजाबी, जयपाल मान, ललित बुटाना, ओमप्रकाश सलूजा, राजिंद्र बल्ला, प्रदीप शर्मा, जोगिंद्र नली, गुरविंद्र कौर, सुधा भारद्वाज, आदि मौजूद रहे।