#Political

नफऱत की राजनीति बंद हो, जनहित मुद्दों पर काम करे सरकार : पराग गाबा

करनाल, अभी अभी। करनाल कांग्रेस के शहरी जिला प्रधान पराग गाबा ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की जनता ने देखा है कि किस तरह सुबह-शाम टीवी चैनलों, नेताओं, तथाकथित धर्मगुरुओं, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के माध्यम से लगातार हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति परोसी गई। इस नफऱत भरे माहौल का नतीजा आज देश के सामने है, जिसे कोई भी नागरिक तथ्यों के साथ स्वयं गूगल कर सकता है। उन्होंने कहा कि देश की स्थिति यह है कि रुपया अपने ऐतिहासिक निम्न स्तर पर है। देश पर अब तक का सबसे अधिक कर्ज़ है। बेरोजग़ारी चरम पर है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। समाज में आपसी भाईचारा समाप्त होता जा रहा है। धर्म के नाम पर दंगे, हिंसा और नफऱत बढ़ी है। सोना और मकान आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुके हैं। आम नागरिक की बचत समाप्त हो रही है न्यायपालिका, मीडिया और लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं। अमीर-गरीब की खाई और गहरी हुई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के हालात बदतर हुए हैं। भुखमरी और प्रति व्यक्ति आय के आंकड़े देश की वैश्विक छवि को नुकसान पहुँचा रहे हैं। टैक्स और टोल के नाम पर जनता से अंग्रेज़ों से भी अधिक वसूली की गई है। सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर जनता की संपत्ति बेची गई है। किसानों, जवानों और आम नागरिकों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि भारत की असली ताकत उसकी एकता, विविधता और लोकतांत्रिक मूल्य हैं। देश को नफऱत नहीं, रोजग़ार चाहिए; धर्म की राजनीति नहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य चाहिए; डर नहीं, भरोसा चाहिए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *