गरीब जनता से रोटी छीनने का प्रयास कर रही केंद्र सरकार : भूपिंद्र लाठर भुप्पी
करनाल, अभी अभी। करनाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र लाठर (भुप्पी) ने कहा कि मोदी सरकार विकसित भारत के नाम पर देश की गरीब जनता को खत्म करने का प्रयास कर रही है। गरीब परिवारों से रोटी छीनने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलना औचित्यहीन है। यह सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के विचारों का अपमान है। वीब-जी राम जी बिल गरीब ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर सीधा हमला है। कांग्रेस सडक़ से लेकर संसद तक इस जनविरोधी बिल का विरोध करेगी। हरियाणा में भी धरने प्रदर्शन किए जाएंगे। लोगों के बीच जाकर सरकार की मंशा की पोल खोलने का काम कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे। भूपिंद्र लाठर ने कहा कि पिछले 10 सालों से मोदी सरकार मनरेगा को कमजोर करने की कोशिश कर रही है और अब इसे पूरी तरह खत्म करने का इरादा है। उन्होंने आगे कहा कि पहले मनरेगा के तहत आने वाले कुल फंड का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार से आता था, लेकिन नए विधेयक में यह घटाया जा रहा है। यह स्पष्ट है कि सरकार न तो जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही जनता के अधिकारों को सुरक्षित रखना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसी योजनाएं लेकर आ रही है, जिससे सिर्फ भाजपा नेताओं के मित्रों को फायदा होगा। भाजपा ने गरीबी नहीं बल्कि गरीब को मिटाने वाले काम किए हैं।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































