#Protest

किसानों की उम्मीदों के विपरीत आया बजट : बहादुर मैहला

करनाल, अभी अभी। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम ने हरियाणा सरकार द्वारा पेश किए बजट को किसानों के लिए निराशाजनक करार दिया है। यूनियन के प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी ने किसानों के उम्मीदों के विपरीत बजट पेश किया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर सीएम ने कोई घोषणा नहीं की। किसानों को उम्मीद थी कि सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने के लिए मुख्यमंत्री ठोस योजना की घोषणा करेंगे। एमएसपी पर कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई, इससे किसानों को निराशा ही हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुणी करने का दावा सरकार करती रही है, लेकिन बिना एमएसपी के किसान की तरक्की संभव नहीं है। किसानों की फसलों को मंडियों में दोनों हाथों से लूटने का काम किया जा रहा है। बहादुर मैहला ने कहा कि किसानों को उम्मीद थी महंगे बीज, खाद व दवाई सस्ते होंगे। इन पर लगने वाला सरकार का टैक्स कम किया जाए। हैरानी की बात है कि बजट में ऐसा कुछ नहीं हुआ जिससे किसान की उम्मीद टूटी है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए डीजल और बिजली सस्ती किए जाने चाहिएं। कृषि उपकरणों पर लगने वाले टैक्स में छूट से किसानों को राहत की उम्मीद थी लेकिन उस पर भी बजट में कोई चर्चा नहीं की गई। बहादुर मैहला ने कहा कि हरियाणा का किसान कर्ज के बोझ के नीचे दबा हुआ है। किसानों को कर्ज मुक्त करने की दिशा में सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। बजट पूर्ण रूप से किसान मजदूर और कमेरा वर्ग विरोधी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *