मनुष्य को सांसारिक बंधनों से मुक्ति दिलाती है श्रीमद्भागवत कथा : कुंजबिहारी दास जी

करनाल, अभी अभी। श्री सांवरिया मित्र मंडल की ओर से श्री कृष्ण मंदिर सेक्टर 14 में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को दूसरे दिन कथा सुनाते हुए श्री कुंजबिहारी दास जी वृंदावन वाले ने श्री शुकदेव जी के आगमन का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि शुकदेव जी इस संसार में भागवत का ज्ञान देने के लिए ही प्रकट हुए। उन्होंने कहा कि परीक्षित कलयुग के प्रभाव के कारण ट्टष्टि से श्रापित हो जाते हैं। पश्चाताप में वह शुकदेव महाराज के पास जाते हैं। उनके चेहरे पर उदासी देखकर शुकदेव महाराज उन्हें सवाल पूछने के लिए कहते हैं। उनके हर सवाल के जवाब में शुकदेव महाराज उन्हें प्रभु कृष्ण की लीलाएं सुनाते हैं। जिसे सुनकर परीक्षित के जीवन में बांके बिहारी की कृपा हुई। श्री कुंजबिहारी दास जी ने कहा कि भक्ति एक ऐसा उत्तम निवेश है, जो जीवन की परेशानियों का उत्तम समाधान देती है और जीवन के बाद मोक्ष भी सुनिश्चित करती है। श्रीमद् भागवत कथा में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अद्भुत समन्वय है। यह कथा मनुष्य को सांसारिक बंधनों से मुक्ति दिलाने और ईश्वर के प्रति प्रेम और समर्पण का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण और पाठ करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है। इसे सुनने से मन, वाणी और कर्म की शुद्धि होती है। यह कलियुग में सबसे प्रभावी साधन माना गया है। उन्होंने कहा कि कथा के आयोजन से परिवार और समाज को आध्यात्मिक बल मिलता है। श्री सांवरिया मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि कथा का आयोजन 26 दिसंबर तक किया जाएगा। कथा विश्राम अवसर पर भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। राधा रसिक मंडल की ओर से ईश्वर की महिमा का गुणगान किया जाएगा। कथा का समय दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक रखा गया है। 27 दिसंबर को सुबह हवन यज्ञ व दोपहर को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राकेश गोयल, राजीव गर्ग, अंकित गुप्ता, राजेश गर्ग, दीपक गोयल, राकेश जिंदल, गणेश गर्ग, समीर गुप्ता, जितेंद्र सिंगला, संदीप गुप्ता, नवीन शर्मा, तरसेम गुप्ता, पंकज गुप्ता, विजेंद्र गोयल, पवन सैनी, योगेंद्र गुप्ता, पवन कुमार व अक्षय गुप्ता आदि मौजूद रहे।