करनाल में श्री राम कथा का आयोजन 15 सितंबर से, विजय कौशल सुनाएंगे कथा

करनाल, अभी अभी। श्री हरि कथा प्रचार समिति और श्री श्याम परिवार की ओर से श्री राम कथा महोत्सव का आयोजन मंगलसेन सभागार करनाल में 15 से 22 सितंबर तक किया जाएगा। विश्व विख्यात परम श्रद्धेय श्री विजय कौशल जी महाराज अपने मुखारविंद से भगवान श्री राम के जीवन लीलाओं का व्याख्यान करते हुए श्री राम कथा सुनाएंगे। गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, स्वामी मुक्तानंद जी महाराज व श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज का आशीर्वाद भी श्रद्धालुओं को मिलेगा। शुक्रवार को दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पत्रकार वार्ता में कथा महोत्सव को लेकर विस्तृत जानकारी दी। अध्यक्ष कैलाश चंद गुप्ता ने बताया कि कथा का समय दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक रखा गया है। 15 सितंबर से 22 सितंबर तक कथा का आयोजन होगा। 22 सितंबर को सुबह 10 से 11 बजे तक श्री राम कथा का सार बताया जाएगा। 11 बजे से एक बजे तक श्री राम एवं श्री कृष्ण लीलाओं का संगीतमय चित्रण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के जीवन आदर्शों से हम सबको प्रेरणा लेनी चाहिए। श्री राम से हमें अपने माता-पिता, गुरुजनों का आदर करने और उनकी हर आज्ञा का पालन करने की प्रेरणा मिलती है। यह करनालवासियों का सौभाग्य है कि श्री विजय कौशल जी महाराज श्री राम कथा सुनाने करनाल आ रहे हैं। प्रधान शशि भूषण गुप्ता ने सभी लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर श्री राम कथा सुनने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधान शशि भूषण गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष घनश्याम गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज गोयल, उपप्रधान अमन बंसल, महासचिव सुनील गुप्ता, सचिव पुनीत मित्तल, कोषाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, डा. एस.के. गोयल, प्रवीण गर्ग, सुनील गुप्ता, राम कुमार गुप्ता, प्रवीण गोयल, आशीष गुप्ता, विवेक, मनीष व प्रदीप आदि मौजूद रहे।