करनाल में जेजेपी को झटका, जिला प्रवक्ता यशकरण राणा ने छोड़ी पार्टी
करनाल, अभी अभी। करनाल जिले में जननायक जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के जिला प्रवक्ता एवं पूर्व चेयरमैन यशकरण राणा ने जेजेपी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा हाईकमान को भेज दिया है। यशकरण राणा जल्द ही कांगे्रस में शामिल होंगे। वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र राठौर व करनाल से पूर्व विधायक सुमिता सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ज्वाइन करेंगे। यशकरण राणा ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत कांगे्रस पार्टी से ही की थी। कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर वह वापस पार्टी में लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की आंधी चल रही है। पांच अक्तूबर को लोग कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। आठ अक्तूबर को जब नतीजे आएंगे तो भाजपा की प्रदेश से विदाई हो जाएगी, कांग्रेस बहुमत से सरकार बनाएगी। पूर्व चेयरमैन यशकरण राणा ने कहा कि वह जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए थे। उनका मकसद जनसेवा ही है। कांग्रेस की सरकार बनेगी तो प्रदेश में फिर से खुशहाली आएगी।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































