कुरुक्षेत्र में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे रोहतक पीजीआई कर्मचारी
कुरुक्षेत्र, अभी अभी। रोहतक पीजीआई में ठेका प्रथा खत्म कर रोजगार बचाने की मांग को लेकर स्थानीय थीम पार्क में कर्मचारी धरने पर डटे हुए हैं। अनुबंध कर्मचारी हेल्थकेयर रोहतक एसोसिएशन का कहना है कि सरकार ठेकेदार की तरह काम कर रही है। कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। रोहतक पीजीआई के 1271 कर्मचारी जोकि अनुबंध आधार पर काम करते थे जून महीने से हड़ताल पर चल रहे हैं। एसोसिएशन की मांग है कि सभी 1271 कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम से जोड़ा जाए। प्रधान अभिषेक और महासचिव महेश ने कहा कि तीन दिन पहले कुरुक्षेत्र डीसी से मिलकर मांगों पर चर्चा की गई थी। डीसी ने तीन दिन के अंदर मुख्यमंत्री या उच्च अधिकारियों से मुलाकात करवाने का आश्वासन दिया था। यह आश्वासन भी झूठा निकला। कुरुक्षेत्र में ही 26 दिसंबर को कर्मचारी अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के हालात खराब होते जा रहे हैं, फिर भी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। एलसीएलओ यूनियन व जन संघर्ष मंच के पदाधिकारी धरना स्थल पर कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे। इनमें प्रवीण, दीपक, सुदेश कुमारी व उषा शामिल रहे। इन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को पुरजोर समर्थन का एलान किया। इस अवसर पर सुरेंद्र, संजय, अनुज, संदीप, सुमित्रा, अंजू, सुमन, सुनीता व मनीष आदि मौजूद रहे।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































