#Protest

कुरुक्षेत्र में रोहतक पीजीआई कर्मचारियों का अर्धनग्न प्रदर्शन, 1 जनवरी को मनाएंगे ब्लैक डे

कुरुक्षेत्र, अभी अभी। पिछले सात महीने से हड़ताल पर चल रहे रोहतक पीजीआई के अनुबंध कर्मचारियों ने शुक्रवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। थीम पार्क से नारेबाजी करते हुए निकले कर्मचारियों ने सरकार द्वारा अनदेखी किए जाने पर भारी रोष व्यक्त किया। कड़ाके की ठंड में कर्मचारियों को अर्धनग्न देख राहगीर भी हैरानी में पड़ गए। प्रदर्शन से पहले डीसी ने कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया और कहा कि समय मिलने पर उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री से करवा देंगे। डीसी ने यह भी कहा कि जनता दरबार में कर्मचारी अपनी आवाज उठा सकते हैं। इस मौके पर अनुबंध कर्मचारी हेल्थकेयर रोहतक एसोसिएशन के प्रधान अभिषेक और महासचिव महेश ने कहा कि हरियाणा सरकार और रोहतक, करनाल तथा कुरुक्षेत्र के जिला अधिकारियों ने उन्हें गुमराह करने का काम किया है। रोहतक पीजीआई के 1271 अनुबंध कर्मचारी जून से हड़ताल पर हैं। दो महीने करनाल में भी जिला सचिवालय के सामने धरना दिया गया। अब कुरुक्षेत्र में सीएम सिटी में धरनारत है। केवल झूठे आश्वासन हीं अधिकारियों से मिले हैं।
अब बेडिय़ा डाल करेंगे प्रदर्शन
एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि अगर 31 दिसंबर तक सीएम से मुलाकात नहीं करवाई गई तो नए साल के पहले दिन एक जनवरी को अर्धनग्न होकर बेडिय़ां डालकर प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि सरकार ने कर्मचारियों को ठेकेदार के गुलाम बना कर रख दिया है। सरकार स्वयं एक ठेकेदार की तरह काम कर ही है।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शनकारी और धरनारत कर्मचारियों में अभिषेक प्रधान, महेश महासचिव, सुरेंद्र, संजय, अनुज, संदीप, सुमित्रा, ईश्वंती, अमित, निशा, सीमा, सुनीता, अनिता, अंजू, सुमन, सुनीता, मनीष तथा किसान नेता गुरजंट सिंह खालसा (भारतीय किासन यूनियन चढूनी) व राजेंद्र (अन्नदाता किसान यूनियन) शामिल रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *