करनाल में दंगल शुरू : पहले दिन मंगलोरा के पहलवानों का दबदबा रहा
करनाल, अभी अभी। श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी की ओर से 74वां वार्षिक दंगल रामलीला ग्राउंड में करवाया जा रहा है। विशाल आयोजन के पहले दिन पहलवानों की जोर आजमाइश देखने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। बुजुर्ग भी पहलवानों का हौंसला बढ़ाते नजर आए।
इस मौके पर प्रधान रामधन कांबोज ने कहा कि कुश्ती दंगल करनाल में पिछले 76 सालों से करवाया जा रहा है। यह भारत की परंपराग संस्कृति से जुड़ा खेल है। देश के नामी पहलवान तीन दिन तक करनाल में होने वाले दंगल में अपना दमखम दिखाएंगे। देश की आजादी से पहले नवाब लियाकत अली का परिवार करनाल में दंगल करवाता था। 1947 के बाद भगत राम बजाज ने दंगल करवाने की प्रथा को आगे बढ़ाया। इसके बाद श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी ने यह बागडोर संभाली।
उपप्रधान पालाराम पहलवान ने कहा कि कुश्तियों का फैसला दंगल टेक्नीकल कमेटी करेगी। तीनों दिन दोपहर दो से शाम छह बजे तक मुकाबले होंगे। गुर्ज की सबसे बड़ी कुश्ती समेत अन्य कुश्तियों के पहलवानों को प्रोत्साहित करने के लिए लाखों रुपए के इनाम दिए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे से दूर रहें और अखाड़े की तरफ बढ़ें। इससे युवाओं का शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहेंगे। इस अवसर पर फूल सिंह, पालाराम पहलवान, राजिंदर नंबरदार, राकेश चौधरी, रिंकल रोड़, रामपाल सैनी, बलवान लाठर, राकेश कांबोज, विनोद, जतिन दयालपुर, काका व बिल्लू आदि मौजूद रहे।
ये रहे पहले दिन के परिणाम
अलग-अलग आयु वर्गों के मुकाबलों में गौरव पानीपत ने रोनित जुंडला, प्रिंस मंगलोरा ने नमन करनाल, गौरव मंगलोरा ने रोहित दिल्ली, कनिष्क करनाल ने विशु मंगलोरा, वंश मंगलोरा ने देव करनाल को मात दी। इसी प्रकार अनमोल मंगलोरा ने रिदम करनाल, दक्ष करनाल ने सौरभ मंगलोरा, सागर मंगलोरा ने रूद्राक्ष करनाल, विराज मंगलोरा ने निक्कू उपलानी, हिमांक करनाल ने रूधित मंगलोरा को पराजित किया। इधर रोहन मंगलोरा ने रिशू करनाल, मोहित मंगलोरा ने कुनाल करनाल, विकास मंगलोरा ने तेजस करनाल, आकाश पानीपत ने पीयूष मंगलोरा, कार्तिक पानीपत ने युवराज मंगलोरा को हराया। इसी प्रकार शिवम सोनीपत ने चांद, सलोनी बड़ौता ने यशिका करनाल, अनीश पानीपत ने राम प्रताप सिरसा को मात दी।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































