करनाल में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, 8 सितंबर से होगा आयोजन
करनाल, अभी अभी। विश्व विख्यात कथावाचक श्री पुंडरीक गोस्वामी जी महाराज करनाल में पहली बार श्रीमद्भागवत कथा सुनाने के लिए आ रहे हैं। श्री खाटू श्याम कीर्तन मंडल की ओर से यह भव्य और विशाल आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन आठ सितंबर से 14 सितंबर तक गोल्डन मोमेंटस बैंक्वेटल हॉल सेक्टर 12 में किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन सायं चार से सात बजे तक रखा गया है। 14 सितंबर को कथा सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी। इसी दिन शाम को श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव मनाया जाएगा। विश्व प्रसिद्ध भजन गायक चित्र विचित्र जी महाराज मधुर आवाज में श्याम बाबा की महिमा का बखान करेंगे। संकीर्तन शाम छह बजे शुरू होगा। यह जानकारी अंकुर गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि इस विशाल अध्यात्मिक महोत्सव में हजारों लोग शामिल होंगे। मंडल के सदस्य अंकुर गुप्ता, आशीष गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, कर्ण बंसल, गगन जिंदल, रजत गर्ग, विपिन गुप्ता व पवन सिंगला अन्य श्याम सेवकों सहित दिन रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। हरियाणा के साथ लगते उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली से भी गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम में पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत तिलक लगाकर किया जाएगा।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































