विपक्षी सांसदों का संसद परिसर में प्रदर्शन, जी राम जी बिल वापस लेने की मांग
नई दिल्ली। हाथों में महात्मा गांधी की तस्वीरें लेकर, गुरुवार को कई विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर के अंदर सरकार के जी राम जी बिल के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और इसे वापस लेने की मांग की। उन्होंने प्रेरणा स्थल पर गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, एआईसीसी महासचिव के सी वेणुगोपाल, डीएमके की के कनिमोझी, टीआर बालू, ए राजा, आईयूएमएल के ईटी मोहम्मद बशीर, शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत और आरएसपी के एन के प्रेमचंद्रन सहित अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा, आज संसद में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। नरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर वे लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ-साथ राष्ट्रपिता की विचारधारा को भी खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी विरोध कर रहे सांसदों के साथ शामिल हुईं और मकर द्वार पर प्रदर्शन में हिस्सा लिया। यूपीए-काल के मनरेगा की जगह लेने वाले विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) बिल पर संसद में बहस हो रही है।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































