चुनाव में बड़ी हार पर समीक्षा की जरूरत : त्रिलोचन सिंह

करनाल, अभी अभी। करनाल कांग्रेस के जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़ी हार की समीक्षा करने की जरूरत है। उम्मीद है कि कांग्रेस हाईकमान जल्द एक बैठक बुलाकर हार के मुख्य कारणों का पता लगाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस बार सत्ता परिवर्तन निश्चित था। जनता भाजपा के कुशासन से मुक्ति चाहती थी। पूरे प्रदेश में कांग्रेस की हवा चल रही थी, लेकिन वोटिंग से कुछ दिन पहले कांग्रेस के कई उम्मीदवार अति आत्मविश्वास में आ गए। वोट मांगने के लिए जमीनी स्तर पर नहीं उतरे। इन मौकों का फायदा भाजपा ने उठाया और घर-घर तक पहुंचकर लोगों का रूख भाजपा की ओर कर लिया। त्रिलोचन सिंह ने माना कि टिकटों के बंटवारे में हुई गलतियां भी कांग्रेस की हार का कारण बनी। करनाल विधानसभा में किसी भी स्टार प्रचारक की बड़ी रैली या जनसभा नहीं हुई। जो नेता कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मंच सांझा कर रहे थे, उन्होंने भी लोगों से वोट की अपील नहीं की। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि हाईकमान हार के लिए समीक्षा बैठक बुलाएगी तो वह निश्चित तौर पर अपने सुझाव रखेंगे। उनका पहला सुझाव यही होगा कि संगठन का निर्माण किया जाए। जमीनी स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत है। हमें विपक्ष की भूमिका अच्छे से अदा करनी होगी।