मस्क ने स्टारलिंक से ‘फ्री इंटरनेट’ का किया ऐलान
IRAN/STARLINK : ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और डिजिटल ब्लैकआउट के बीच एलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक प्रदर्शनकारियों के लिए एक ‘लाइफलाइन’ बनकर उभरी है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने ईरान में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह ‘फ्री’ कर दिया है। यह कदम ईरानी शासन द्वारा सूचनाओं के प्रवाह को रोकने के लिए लगाए गए कड़े प्रतिबंधों और इंटरनेट शटडाउन को बाईपास करने के लिए उठाया गया है। ईरान में 8 जनवरी से जारी देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट को चुनौती देते हुए स्टारलिंक ने बड़े कदम उठाए है। रिपोर्टों के अनुसार, मस्क ने ईरानी यूजर्स के लिए सब्सक्रिप्शन शुल्क हटा दिया है और पहले से निष्क्रिय पड़े कनेक्शनों को दोबारा बहाल कर दिया है। ईरानी सरकार द्वारा स्टारलिंक सिग्नल्स को ‘जाम’ करने की कोशिशों के जवाब में स्पेसएक्स की टीम ने सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किए है, ताकि सिग्नल और मजबूत हो सकें। हालांकि 92 मिलियन की आबादी वाले देश में यह सेवा अभी केवल कुछ लाख लोगों तक ही सीमित है।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































