शहर की सूरत बदलेगा नगर निगम : वार्ड-वार निरीक्षण अभियान तेज
करनाल, अभी अभी। नगर निगम प्रशासन ने शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर, विकसित और आदर्श बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता की अगुवाई में वार्ड-वार निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में वीरवार को वार्ड नंबर 5 के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान कार्यों की प्रगति और वस्तु स्थिति का जायजा लेते हुए निर्धारित समयावधि में सभी प्रकार की बाधाओं और समस्याओं के समुचित समाधान के दिशा निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता क्षेत्रीय पार्षद और निगम के अधिकारियों के साथ सबसे पहले कम्बोपुरा सामुदायिक केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और आम जन की आवश्यकताओं के अनुरूप किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया। इसके बाद वे श्री कृष्णा वृद्ध आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आश्रम में वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी हासिल की। इसी क्रम में निगम के कार्य क्षेत्र में आने वाले जलघर, पार्कों के सौंदर्यकरण कार्य, नगर निगम की भूमि, पॉम एन्कलेव की सडक़, रावर रोड स्थित सीताराम कुटिया के पास लाइट व्यवस्था, अशोक विहार कॉलोनी, विकास कॉलोनी की स्ट्रीट लाइटें तथा कटेबाग-सूरज नगर की जोहड़ वाली गलियों का दौरा किया गया। इन सभी के संबंध में आवश्यकता के अनुरूप कार्य करवाने की हिदायत देते हुए मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और इनकी नियमित मॉनिटरिंग पर पूरा फोकस है।
निरीक्षण में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, स्ट्रीट लाइटों की तुरंत मरम्मत व विस्तार, सडक़ों के सुधार और गली निर्माण कार्यों में तेजी लाने, पार्कों के सौंदर्यकरण को प्राथमिकता देने तथा जलापूर्ति व सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के स्पष्ट निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुगम सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें। इस अवसर पर पार्षद सुभाष कंबोज, एसडीओ अनूप, कनिष्ठ अभियंता संचित वर्मा, सोहन सिंह, संदीप, सतीश कुमार मित्तल, अक्षय कंबोज, रवि, जितेंद्र, रोहित गांधी, पृथ्वीराज, सुरेश कुमार, श्याम लाल, मंगलेश व बलवान सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान विकास कॉलोनी में आयोजित बैठक में क्षेत्रवासियों ने कनिका विहार एवं विकास कॉलोनी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा। मेयर प्रतिनिधि ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान जसवीर राणा, राजेश गोयल, कृष्ण जागलान, संजय मित्तल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हर वार्ड में मिलेगी विकास को गति
नगर निगम प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अब हर वार्ड में पहुंचकर हर समस्या का समाधान किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ मिलकर शहर के समग्र विकास को गति दी जाएगी तथा कोई भी क्षेत्र या सुविधा अब उपेक्षित नहीं रहने दी जाएगी। जमीनी स्तर पर निरीक्षण, संवाद और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से शहर में विकास की नई तस्वीर तैयार की जाएगी। मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने अमूल्य सुझाव, विचार और फीडबैक अवश्य साझा करें, ताकि इस विकास प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आपका सहयोग—हमारा संकल्प की सोच के साथ करनाल को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाएंगे।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































