मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता ने लिया जन समस्याओं का जायजा, त्वरित समाधान के निर्देश
करनाल, अभी अभी। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में नगर निगम ने तेजी से कदम आगे बढ़ा दिए हैं। इसके अंतर्गत बुधवार को वार्ड नंबर 15 में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता की अगुवाई में शहर के गोरसी मोहल्ला, मिठन मोहल्ला, होली घाटी, चौधरी घाटी, कोट मोहल्ला, जोडिय़ां कुआं सेवक सभा, सोरियो कुआं, श्री शंभूनाथ मोहल्ला, कुमार कुआं, लाल कुआं मोहल्ला और श्री हनुमान गली सहित विभिन्न क्षेत्रों में सडक़ों, गलियों, नालियों, सीवरेज सिस्टम और सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत देखी गई।
निरीक्षण के दौरान सभी क्षेत्रों में स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि युद्धवीर सैनी ने मेयर प्रतिनिधि को अवगत करवाया कि शहर के इस पुराने क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं पर अविलंब ध्यान देने की प्रबल आवश्यकता है। मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता ने आश्वस्त किया कि इस दिशा में निरंतर पूरी सजगता के साथ कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर ललित चौधरी, प्रवीण गुप्ता, कुलदीप गुप्ता (जौनपुरी) आदि ने भी विभिन्न जनसमस्याओं के संबंध में महत्वपूर्ण फीडबैक दिया। इस दौरान निगम के कनिष्ठ अभियंता रवि, दीपक, एम.ई. सतीश मित्तल, संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति ने न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित की, बल्कि मौके पर ही समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई को गति भी दी।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रमुख समस्याओं पर फोकस किया गया, उनमें सीवर जाम, गंदगी, जलभराव, टूटी और जर्जर सडक़ों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था जैसे कार्य शामिल रहे। इनका त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित किया जाए। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त न की जाए।
इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि हर समस्या के समाधान के लिए स्पष्ट समयसीमा तय हो, ताकि वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और क्षेत्रवासियों को त्वरित राहत मिले। निरीक्षण के दौरान मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता ने कहा कि आमजन के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के माध्यम से ही शहर का समुचित विकास संभव है। इसी सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निरंतर प्रयास किया जा रहा है कि विकास कार्य अब कागजों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर भी इनका असर साफतौर पर दिखाई दे।
मेयर प्रतिनिधि ने कहा कि नगर निगम सीमा के समस्त क्षेत्रों में जनसंवाद के साथ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और हर क्षेत्र की समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से हल किया जाएगा। जनसहभागिता को इस पूरी प्रक्रिया की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए नागरिकों से अपील की गई कि वे न केवल अपनी समस्याएं खुलकर रखें, बल्कि स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका भी निभाएं।
सकारात्मक दृष्टि से होंगे दूरगामी कार्य
मेयर प्रतिनिधि बृज गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि युद्धवीर सैनी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिकों ने कहा कि यह अभियान वार्ड 15 में एक नए दूरगामी सकारात्मक दृष्टिकोण की शुरुआत का संकेत है, जहां समस्याओं को टालने के बजाय सीधे उनका सामना कर समाधान की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले समय में यह पहल क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित बनाने की दिशा में एक मजबूत मील का पत्थर साबित हो सकती है।




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































