72 घंटे लगातार दर्शन देंगे लखदातार! नए साल पर खाटू श्याम धाम में पहुंच रहे लाखों लोग
सीकर : नववर्ष के अवसर पर बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर कमेटी ने मुख्य मेले की तर्ज पर व्यापक इंतजाम किए हैं. एकादशी, द्वादशी और नववर्ष के तीन दिवसीय आयोजन को लेकर सुरक्षा, यातायात, दर्शन व्यवस्था और साफ-सफाई की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है. मंगलवार को एकादशी, बुधवार को द्वादशी और गुरुवार को नववर्ष के अवसर पर लगातार 72 घंटे तक खाटूश्यामजी मंदिर के पट खुले रहेंगे. इस दौरान वीआईपी दर्शन पूर्ण रूप से बंद रहेंगे, ताकि आम श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सकें.
थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि भक्तों के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. चार स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था है, रींगस रोड को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है. करीब तीन हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. किसी भी स्थिति में भक्तों को अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं. नववर्ष पर देशभर से लाखों श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना तैयार की है. यदि श्रद्धालुओं की संख्या तय मानक से अधिक हुई तो भक्तों को चारण खेत में बनाए गए जिग-जैग मार्ग से होकर दर्शन के लिए भेजा जाएगा. चारण मेला मैदान में विशेष बैरिकेडिंग की गई है, जहां से श्रद्धालुओं को पैदल चलकर लखदातार मेला मैदान होते हुए मंदिर की ओर ले जाया जाएगा.
श्रद्धालुओं को व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए रींगस रोड डाइवर्जन से विद्युत ब्रिज, चारण मेला मैदान और लखदातार मेला मैदान होते हुए 40 फीट चौड़े नए मार्ग से 75 फीट मुख्य मार्ग तक कुल 14 कतारों में दर्शन की व्यवस्था की गई है. इन कतारों में श्रद्धालुओं को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.
31 दिसंबर और 1 जनवरी को रींगस से खाटू तक का करीब 17 किलोमीटर का मार्ग नो व्हीकल जोन रहेगा. इस दौरान केवल पैदल श्रद्धालु और इमरजेंसी सेवाओं के वाहन ही इस मार्ग से गुजर सकेंगे. दांता रोड, सीतारामपुरा का जोहड़ा, 52 बीघा, सांवलपुरा और अन्य स्थानों पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है. दर्शन के बाद भक्त मंडा रोड से एग्जिट कर सकेंगे.







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































