करनाल डीसी बोले, जिले में घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
करनाल, अभी अभी। उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि जिला में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। जिस तरह से पहले गैस सहित पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति थी, उसी तर्ज पर आपूर्ति हो रही है। आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। आमजन किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उपायुक्त उत्तम सिंह ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस या पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि नागरिक अनावश्यक घबराहट और भंडारण से बचें, क्योंकि इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा 9 मार्च, 2026 को जारी एक महत्वपूर्ण पत्र में प्राथमिक क्षेत्रों के लिए घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति, उसके समुचित एवं समान वितरण तथा उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन दिशा-निर्देशों के अनुपालन में हरियाणा सरकार द्वारा तत्काल प्रभाव से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिला में रसोई गैस या पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गैस सहित पेट्रोल व डीजल की चोरी, कालाबाजारी या अनधिकृत वितरण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक तथा जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को विशेष अभियान चलाने, स्टॉक की दैनिक रिपोर्टिंग तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निपटारे के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता अपनी शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 1967 पर दर्ज करा सकते हैं।































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































